चंदौली।अकवान तूफान के प्रभाव से मौसम ने अचानक करवट ले ली है। शनिवार को आसमान में बादल छाने के साथ बारिश शुरू होने से किसानों की चिंता बढ़ गई है।बेमौसम बारिश ने खेतों में तैयार खड़ी धान की फसल के साथ ही पशुपालन पर भी संकट खड़ा कर दिया है।किसानों को फसल के खराब होने और भूसे के संकट की चिंता सताने लगी है।
किसान विकास मंच चंदौली के संगठन मंत्री राम अवध सिंह ने कहा कि पिछले अर्णव तूफान के दौरान खेतों में गिरी धान की फसल अभी पूरी तरह संभल भी नहीं पाई थी कि एक बार फिर बारिश ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।खेतों में पड़ी गिरी हुई धान की फसल के सड़ने का खतरा बढ़ गया है। वहीं,जो फसल अभी खड़ी और पक चुकी है, उसके भी तेज हवा और बारिश के कारण गिरने की आशंका बनी हुई है।उन्होंने बताया कि कई किसानों ने हाथ से काटे गए धान की लेहनी खेतों में सुखाने के लिए छोड़ी है। बारिश होने से इसके भी भींगकर खराब होने की आशंका है।दूसरी ओर पशुपालकों के सामने भूसे का संकट भी गहराने लगा है। लगातार बारिश के कारण भूसा तैयार करने और सुरक्षित रखने में भी परेशानी होगी।राम अवध सिंह ने कहा कि पिछले तूफान में गिरी धान की फसल का अब तक सर्वे नहीं हो सका है। ऐसे में किसानों पर एक और प्राकृतिक संकट आ गया है।जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने से कई खेत पहले से ही काफी गीले हैं।ऐसे खेतों में बड़े हार्वेस्टर चलाना मुश्किल होगा। किसानों को मजबूरी में चेन कंबाइन से कटाई करानी पड़ेगी,जिसके लिए सामान्य से कई गुना अधिक खर्च उठाना पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि बेमौसम बारिश ने किसानों के सामने ऐसा संकट खड़ा कर दिया है,जैसे थाली में परोसा भोजन छीन लिया गया हो।इसका असर केवल धान की कटाई तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि आगामी रबी की बुआई भी प्रभावित होगी।बारिश के कारण बुआई का काम करीब 15 दिन पीछे खिसकने की आशंका है।कई गांवों के किसान एक-दो दिन में धान की हार्वेस्टिंग कराने की तैयारी में थे,लेकिन बारिश ने उनकी तैयारियों पर पानी फेर दिया है।
किसान विकास मंच ने प्रशासन से मांग की है कि पिछले तूफान से क्षतिग्रस्त धान की फसल का तत्काल सर्वे कराकर किसानों को उचित मुआवजा दिया जाए तथा जल निकासी की व्यवस्था कराकर किसानों को राहत पहुंचाई जाए।
