गोवंश तस्करी का पर्दाफाश,पांच गिरफ्तार सफारी में लादकर बिहार ले जाए जा रहे तीन गोवंश बरामद, पांच गिरफ्तार

 


चंदौली।सैयदराजा और चंदौली थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने चेकिंग के दौरान गोवंश तस्करी के मामले का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से टाटा सफारी वाहन में क्रूरतापूर्वक रस्सियों से बांधकर बिहार ले जाए जा रहे तीन गोवंश बरामद किए।इनमें दो बछड़े और एक बछिया शामिल हैं।पुलिस ने मौके से दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार,20 नवंबर को सैयदराजा पुलिस क्षेत्र में गश्त और चेकिंग कर रही थी।इसी दौरान चंदौली थाने के प्रभारी निरीक्षक त्रिवेणी सिंह ने सूचना दी कि फेसुड़ा की तरफ से एक सफारी वाहन में गोवंश लादकर दुधारी होते हुए मनराजपुर मार्ग से बिहार ले जाए जा रहे हैं।सूचना पर सैयदराजा पुलिस ने मनराजपुर तिराहे पर घेराबंदी कर चेकिंग शुरू कर दी।

इसी दौरान दुधारी की ओर से आती टाटा सफारी स्ट्रोम संख्या UP 42 AK 7000 को पुलिस टीम ने रोकने का प्रयास किया। चालक ने वाहन को सड़क के किनारे कच्ची जमीन से निकालकर भागने का प्रयास किया,लेकिन गड्ढे में पहिया फंसने के कारण वाहन रुक गया।वाहन में सवार चालक समेत पांच आरोपी उतरकर अलग-अलग दिशाओं में भागने लगे।पुलिस टीम ने पीछा कर सभी पांचों को पकड़ लिया।

वाहन की तलाशी लेने पर उसमें तीन गोवंश रस्सियों से बंधे मिले। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे गोवंशों को जौनपुर जिले के सिरकोनी से लादकर वध के लिए बिहार ले जा रहे थे।उनके पास गोवंशों के परिवहन से संबंधित कोई वैध अधिकार पत्र या मेडिकल प्रमाण पत्र भी नहीं मिला।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान काजू उर्फ चन्द्रजीत यादव (24),राजू यादव (21), प्रदीप यादव (25), निर्भय यादव (21)और राहुल यादव (22) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, इनमें काजू उर्फ चन्द्रजीत और राहुल यादव के खिलाफ हत्या, गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता अधिनियम,आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत कई गंभीर मुकदमे पहले से दर्ज हैं।

पुलिस ने मामले में सैयदराजा थाने में मुकदमा अपराध संख्या 339/2026 के तहत गोवध निवारण अधिनियम की धाराओं 3/5/5ए/8 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11 में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

कार्रवाई में सैयदराजा थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्र, उपनिरीक्षक गोपाल तिवारी समेत पुलिसकर्मी तथा चंदौली थाने के प्रभारी निरीक्षक त्रिवेणी सिंह, उपनिरीक्षक मारकण्डे सिंह समेत पुलिस टीम शामिल रही।

Previous Post Next Post