शहाबगंज (चंदौली)। दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए शुक्रवार को विकासखंड शहाबगंज परिसर में जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग की ओर से जिला स्तरीय वितरण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विधायक कैलाश आचार्य मुख्य अतिथि और पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष छत्रबली सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। अतिथियों ने लाभार्थियों को मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल, सामान्य ट्राइसाइकिल और व्हीलचेयर वितरित कीं। हालांकि, वितरण के दौरान सामने आई कमियों के चलते कई लाभार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
शिविर में कुल आठ मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल, 34 सामान्य ट्राइसाइकिल और पांच व्हीलचेयर वितरित की गईं। जिला स्तरीय कार्यक्रम होने के बावजूद जिले के किसी अधिकारी की मौजूदगी नहीं रही। वहीं, उपकरणों की गुणवत्ता और वितरण व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठे। कई सामान्य ट्राइसाइकिलों के टायरों में हवा तक नहीं थी।
वितरण के दौरान 85 प्रतिशत दिव्यांग छब्बन चौहान को उनकी मांग के अनुरूप मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल नहीं मिल सकी। उन्होंने इसके लिए आवेदन किया था, लेकिन सामान्य ट्राइसाइकिल दिए जाने पर उसे लेने से इन्कार कर दिया। उनका कहना था कि दिव्यांगता की स्थिति को देखते हुए उन्हें मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल की जरूरत है। इसी तरह पिंटू चौबे को पहले मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल पर बैठाकर माला पहनाई गई, लेकिन बाद में उन्हें उससे उतारकर सामान्य ट्राइसाइकिल दे दी गई।
इसके अलावा मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल पाने वाले कुछ लाभार्थियों को भी तत्काल उसका उपयोग करने में दिक्कत हुई। ताराजीवनपुर निवासी इरफान,कोरी रामपुर निवासी हनुमान यादव और कमालपुर निवासी अखिलेश को मिली ट्राइसाइकिलें चार्ज नहीं थीं। वहीं, दो मोटराइज्ड ट्राइसाइकिलों में तकनीकी खराबी मिलने पर उन्हें बदलना पड़ा।
इस मौके पर विधायक कैलाश आचार्य ने कहा कि दिव्यांगजनों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाना उनकी प्राथमिकता है। यदि किसी पात्र लाभार्थी को आवश्यकता के अनुरूप उपकरण नहीं मिल पाया है तो वह विभागीय कर्मचारियों से संपर्क कर दोबारा आवेदन कर सकता है। पात्रता के आधार पर उसे योजना का लाभ दिलाने का प्रयास किया जाएगा। विशिष्ट अतिथि छत्रबली सिंह ने कहा कि दिव्यांगजन समाज का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। शासन की योजनाओं का लाभ वास्तविक पात्रों तक पहुंचना चाहिए।
इस संबंध में जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी रत्नेश सिंह से उनका पक्ष जानने के लिए मोबाइल फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका मोबाइल स्विच ऑफ मिला। इस कारण उनका पक्ष नहीं मिल सका।
कार्यक्रम में खंड विकास अधिकारी शैलेंद्र सिंह, पंकज टाइगर, अंकित सिंह, गोविंद कुमार और राजेश्वर सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
