गंदे पानी में डूबा ढुन्नू गांव का रास्ता, दिव्यांग भी आवागमन को मजबूर


शहाबगंज।विकास क्षेत्र के ढुन्नू गांव में जलनिकासी की व्यवस्था ध्वस्त होने से ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।नालियों का गंदा पानी सड़क पर बहने से रास्ता नाबदान में तब्दील हो गया है। ग्रामीणों को मजबूरी में गंदे पानी के बीच से होकर आवागमन करना पड़ रहा है।आरोप है कि बार-बार शिकायत के बावजूद जिम्मेदारों की ओर से समस्या का स्थायी समाधान नहीं कराया गया।सबसे अधिक परेशानी गांव के दिव्यांग बसंत प्रजापति को उठानी पड़ रही है। आवागमन के लिए इसी रास्ते पर निर्भर बसंत को रोजाना गंदे पानी और कीचड़ के बीच से होकर गुजरना पड़ता है।ग्रामीणों का कहना है कि एक दिव्यांग व्यक्ति की परेशानी सामने होने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होना जिम्मेदारों की संवेदनहीनता को दर्शाता है।ग्रामीणों के मुताबिक,नाली के पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण सड़क पर हमेशा जलभराव की स्थिति बनी रहती है।पैदल राहगीरों के साथ ही बाइक और अन्य वाहन चालकों को भी गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है।सड़क पर जमा गंदगी और दुर्गंध के कारण आसपास रहने वाले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम पंचायत की ओर से जलनिकासी की समस्या को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है।


पीड़ित दिव्यांग बसंत प्रजापति ने बताया कि समस्या के समाधान के लिए पूर्व में उपजिलाधिकारी चकिया को प्रार्थना पत्र देकर गुहार लगाई गई थी।इसके बावजूद अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से समस्या जस की तस बनी हुई है।उन्होंने ग्राम प्रधान पर नाली के पानी की निकासी की उचित व्यवस्था नहीं कराने का आरोप लगाते हुए प्रशासन से मामले में हस्तक्षेप की मांग की है।ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मामले की स्थलीय जांच कराकर सड़क से गंदे पानी की निकासी की स्थायी व्यवस्था कराने की मांग की है। साथ ही जिम्मेदारों की जवाबदेही तय कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की गई है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो उन्हें आंदोलन के लिए मजबूर होना पड़ेगा।

Previous Post Next Post