पूर्व काशी नरेश राजपरिवार ने नगर पंचायत को दिखाई अधिकार क्षेत्र की सीमा, ठाकुर बाग में ₹1000 की वसूली पर एफआईआर की मांग

 

चकिया (चंदौली) नगर स्थित ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व वाले ठाकुर बाग में प्रति आयोजन ₹1000 की वसूली अब बड़ा विवाद बन गई है। इस बार सीधे काशी नरेश राजपरिवार ने मोर्चा खोल दिया है। राजपरिवार की ओर से चकिया किले के विधिक सुरक्षा अधिकारी एवं अधिवक्ता दीपक सिंह राजवीर ने जिला स्तरीय समाधान दिवस में पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल को प्रार्थना पत्र सौंपते हुए नगर पंचायत के जिम्मेदार अधिकारियों पर एफआईआर दर्ज करने, वसूली तत्काल बंद कराने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।

शिकायत के साथ राजस्व अभिलेख, नगर पंचायत की ओर से जारी वसूली रसीदें और अन्य दस्तावेज भी सौंपे गए। राजपरिवार का दावा है कि ठाकुर बाग की भूमि आज भी राजस्व रिकॉर्ड में काशी नरेश परिवार के नाम दर्ज है, ऐसे में नगर पंचायत को वहां शुल्क वसूलने का कोई अधिकार नहीं है।

राजपरिवार का यह भी कहना है कि ठाकुर बाग में पूजा-अर्चना, पुजारी का मानदेय और धार्मिक व्यवस्थाओं का खर्च आज भी काशी नरेश परिवार उठाता है। वर्षों से यहां आने वाले श्रद्धालुओं और आयोजकों से कभी कोई शुल्क नहीं लिया गया। ऐसे में नगर पंचायत की ओर से ₹1000 की वसूली न केवल परंपरा के विरुद्ध है, बल्कि अधिकार क्षेत्र से बाहर भी है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने शिकायत को जांच के लिए एसडीएम के पास भेज दिया है। अब प्रशासनिक जांच तय करेगी कि ठाकुर बाग में हो रही वसूली नियमों के अनुरूप है या फिर राजपरिवार के आरोप सही साबित होते हैं।

उधर, नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी का कहना है कि यह राशि किसी प्रवेश शुल्क के रूप में नहीं, बल्कि आयोजन के बाद साफ-सफाई और व्यवस्था बनाए रखने के लिए ली जाती है।

अब सवाल यह है कि ठाकुर बाग में 'हजार की पर्ची' पर आखिर किसका दावा भारी पड़ेगा काशी नरेश राजपरिवार का या नगर पंचायत का। जांच के बाद ही तस्वीर साफ होगी।

Previous Post Next Post