जाम नालियों ने बढ़ाई मुसीबत,हल्की बारिश में ही डूब जाती है लेवा-इलिया मार्ग,जलजमाव से राहगीर परेशान,जिम्मेदार बेखबर




शहाबगंज (चंदौली)।स्थानीय कस्बे के समीप शहाबगंज-लेवा इलिया मार्ग पर हल्की बारिश के बाद ही सड़क पर जलजमाव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो जाती है।सड़क के दोनों ओर नालियां बनी हुई हैं,लेकिन लंबे समय से उनकी सफाई नहीं होने के कारण वे पूरी तरह जाम पड़ी हैं।नालियों से पानी की निकासी नहीं होने के कारण बरसात का पानी सड़क पर भर जाता है,जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।बरसात के दौरान सड़क पर जमा पानी के कारण पूरा मार्ग तालाब जैसा दिखाई देने लगता है।सड़क पर पानी भर जाने से दोपहिया और चारपहिया वाहन धीरे-धीरे गुजरने को मजबूर होते हैं।कई बार तेज रफ्तार वाहन गंदा पानी उछाल देते हैं,जिससे पैदल चल रहे लोगों के कपड़े खराब हो जाते हैं।इसे लेकर अक्सर राहगीरों और वाहन चालकों के बीच कहासुनी और विवाद की स्थिति भी बन जाती है।सबसे अधिक परेशानी महिलाओं,स्कूली बच्चों,बुजुर्गों और मरीजों को होती है।महिलाओं को गंदे पानी और कीचड़ से होकर गुजरना पड़ता है,जबकि बुजुर्गों और बच्चों के फिसलकर गिरने का खतरा बना रहता है।बाइक सवारों को भी जलभराव के कारण दुर्घटना की आशंका सताती रहती है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क के दोनों तरफ नालियां तो बनाई गई हैं,लेकिन नियमित सफाई नहीं होने से उनमें मिट्टी, कूड़ा-कचरा और गाद भर गई है।परिणामस्वरूप बारिश का पानी नालियों में जाने के बजाय सड़क पर जमा हो जाता है।लोगों का कहना है कि यदि समय-समय पर नालियों की सफाई कराई जाए तो जलजमाव की समस्या काफी हद तक समाप्त हो सकती है।आस - पास के दुकानदरों का कहना है कि पानी सड़क पर भर जाने से व्यापार पर काफी असर पड़ता है।ग्राहक दुकान पर न के बराबर आते हैं।यह मार्ग शहाबगंज को लेवा इलिया सहित आसपास के कई गांवों से जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग है।प्रतिदिन हजारों लोग इसी रास्ते से आवागमन करते हैं,लेकिन बरसात के मौसम में यह सड़क लोगों के लिए परेशानी का सबब बन जाती है।स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि कई बार शिकायत के बावजूद संबंधित विभाग ने नालियों की सफाई और जल निकासी की व्यवस्था की ओर गंभीरता नहीं दिखाई। कस्बावासी व व्यापारी नेता सुरेंद्र मोदनवाल ने जिलाधिकारी से और संबंधित विभाग से मांग की है कि बरसात के मौसम को देखते हुए तत्काल जाम नालियों की सफाई कराई जाए तथा नियमित रूप से जल निकासी व्यवस्था की निगरानी की जाए।व्यापारियों का कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो बरसात के दिनों में यह समस्या और विकराल रूप ले सकती है तथा कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है।

Previous Post Next Post