वनांचल के लाल ने रचा इतिहास,पॉलीटेक्निक ग्रुप K-5 ओपन रैंक में प्रथम स्थान हासिल कर बढ़ाया चंदौली का मान

 

शहाबगंज, चंदौली।वनांचल क्षेत्र के ताला-तेंनुई गांव के मेधावी छात्र प्रियांशु राव ने संयुक्त प्रवेश परीक्षा परिषद,उत्तर प्रदेश द्वारा आयोजित पॉलीटेक्निक प्रवेश परीक्षा 2026 ग्रुप K-5 के पिछले दिनों आए परीक्षा परिणाम में ओपन रैंक में प्रदेश स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन कर दिया है।सीमित संसाधनों और सामान्य पारिवारिक पृष्ठभूमि से आने वाले प्रियांशु की इस शानदार सफलता ने पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ा दी है।

प्रियांशु राव के पिता रामप्रकाश ताला-तेंनुई स्थित प्राथमिक विद्यालय में शिक्षामित्र के पद पर कार्यरत हैं।आर्थिक एवं संसाधन संबंधी चुनौतियों के बावजूद माता-पिता ने अपने पुत्र की शिक्षा और भविष्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दी।उनकी मेहनत,त्याग और प्रियांशु की लगन का ही परिणाम है कि उन्होंने प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त कर अपने गांव, क्षेत्र और जनपद का गौरव बढ़ाया है।

अपनी सफलता पर प्रियांशु ने कहा कि लक्ष्य निर्धारित कर अनुशासित ढंग से निरंतर अध्ययन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच के साथ की गई तैयारी सफलता की कुंजी होती है।उन्होंने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय माता-पिता,गुरुजनों और नियमित अध्ययन को दिया।

प्रियांशु की सफलता की खबर मिलते ही गांव सहित पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल बन गया। ग्रामीणों और शुभचिंतकों ने मिठाई खिलाकर उनकी उपलब्धि का जश्न मनाया।लोगों का कहना है कि वनांचल क्षेत्र में संसाधनों की कमी के बावजूद प्रियांशु ने यह साबित कर दिया है कि प्रतिभ

सुविधाओं की मोहताज नहीं होती।दृढ़ संकल्प,कठिन परिश्रम और लगन के बल पर कोई भी छात्र ऊंचाइयों को छू सकता है।

शिक्षामित्र संघ के पदाधिकारियों तथा शिक्षक नेता भूपेंद्र प्रताप सिंह यादव,मनोज तिवारी,सत्येंद्र कुमार सहित क्षेत्र के शिक्षकों और गणमान्य लोगों ने प्रियांशु को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।उनकी यह उपलब्धि क्षेत्र के हजारों विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है।

Previous Post Next Post