फोटो में जंगल उगा रहे वन अधिकारी, जमीन पर सूख रही हरियाली

ब्यूरो रिपोर्ट-


चकिया, चंदौली (Shreya news network)- विभाग हर वर्ष करोड़ों रुपये खर्च कर पौधरोपण के नए-नए अभियान चलाता है। कभी एक पेड़ मां के नाम, तो कभी हरित क्रांति के नाम पर बड़े-बड़े आयोजन होते हैं। अधिकारियों,जनप्रतिनिधियों तथा अन्य सामाजिक गतिविधियों में जुड़े लोगों के हाथों पौधे लगते हैं, फोटो खिंचती हैं, प्रेस विज्ञप्तियां जारी होती हैं और सफलता के दावे किए जाते हैं। लेकिन कुछ महीने बाद उन्हीं पौधों का अस्तित्व ढूंढना मुश्किल हो जाता है।

सवाल यह है कि यदि हर वर्ष लाखों पौधे लगाए जा रहे हैं तो जंगलों का क्षेत्र क्यों नहीं बढ़ रहा। आखिर वे पौधे कहां गायब हो जाते हैं जिनके नाम पर सरकारी धन खर्च होता है। वन विभाग के पास पौधे लगाने का आंकड़ा तो है, लेकिन उन्हें जीवित रखने का हिसाब अक्सर नहीं मिलता।चकिया क्षेत्र में जंगलों पर अतिक्रमण, अवैध कटान और वन भूमि पर बढ़ते दबाव की शिकायतें नई नहीं हैं। इसके बावजूद जिम्मेदार विभाग अधिकतर समय अभियान, बैनर, स्लोगन और औपचारिकताओं में व्यस्त दिखाई देता है। जंगल बचाने की जिम्मेदारी केवल पौधा रोपकर फोटो खिंचवाने से पूरी नहीं होती।

जब तक वन विभाग कागजी हरियाली और प्रचार से बाहर निकलकर जमीन पर पौधों के संरक्षण, वन भूमि की सुरक्षा और जवाबदेही तय नहीं करेगा, तब तक एक पेड़ मां के नाम,जैसे अभियान केवल सरकारी रिकॉर्ड की शोभा बढ़ाते रहेंगे। जंगल भाषणों से नहीं, ईमानदार निगरानी और संरक्षण से बचते हैं।

Previous Post Next Post