साठ बीघा मंदिर भूमि पर न्याय की जीत, फर्जी वरासत निरस्त,श्रीराम व श्री विष्णु मंदिर के नाम फिर दर्ज होगी संपत्ति

 

शहाबगंज, चंदौली।क्षेत्र के कटवा माफी गांव स्थित श्री रामचन्द्र मंदिर एवं श्री विष्णु मंदिर की करीब 60 बीघा भूमि को लेकर वर्षों से चल रहे विवाद में न्यायालय ने महत्वपूर्ण फैसला सुनाते हुए फर्जी वरासत को निरस्त कर दिया है।न्यायालय ने आदेश दिया है कि संबंधित भूमि को मूल दानपत्र के अनुरूप पुनः दोनों मंदिरों के नाम राजस्व अभिलेखों में दर्ज किया जाए।प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव निवासी दानकर्ता रामस्वरूप ने वर्ष 1945 में वक्फ डीड (दानपत्र) के माध्यम से अराजी संख्या 39, 25, 52, 62, 75 एवं 77 की भूमि मंदिर की स्थापना, पूजा-पाठ और उसके संचालन के लिए दान की थी। दानपत्र में स्पष्ट उल्लेख किया गया था कि भूमि से प्राप्त होने वाली आय का उपयोग मंदिर के रखरखाव, धार्मिक अनुष्ठानों तथा जनहित से जुड़े कार्यों में किया जाएगा।इसके लिए एक प्रबंधन समिति गठित कर व्यवस्था संचालित करने का भी प्रावधान किया गया था।

बताया जाता है कि समय बीतने के साथ दानकर्ता के कुछ परिजनों ने कथित रूप से उक्त भूमि पर अपना नाम फर्जी तरीके से वरासत में दर्ज करा लिया। मामला सामने आने पर ग्राम प्रधान सुनीता देवी ने इसका विरोध करते हुए न्यायालय में आपत्ति दाखिल की और मंदिर की संपत्ति को सुरक्षित रखने की मांग की।

न्यायालय ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने, राजस्व अभिलेखों तथा उपलब्ध साक्ष्यों का गहन परीक्षण करने के बाद अपना फैसला सुनाया। न्यायालय ने शीला देवी समेत अन्य पक्षकारों के नाम दर्ज वरासत को निरस्त करते हुए भूमि को पुनः श्री रामचन्द्र मंदिर एवं श्री विष्णु मंदिर के नाम दर्ज करने का आदेश दिया।

फैसले के बाद क्षेत्र के श्रद्धालुओं और ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि न्यायालय के इस निर्णय से मंदिर की संपत्ति सुरक्षित रहेगी और भूमि से प्राप्त होने वाली आय का उपयोग फिर से धार्मिक,सामाजिक एवं जनकल्याणकारी कार्यों में किया जा सकेगा।

ग्रामीणों ने न्यायालय के फैसले का स्वागत करते हुए इसे सत्य और न्याय की जीत बताया तथा मंदिर की ऐतिहासिक धरोहर को संरक्षित रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

Previous Post Next Post