श्रेया न्यूज़ नेटवर्क
चकिया, चंदौली- डीआईजी वैभव कृष्ण ने सोमवार को चकिया कोतवाली का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्हें पुलिस जवानों द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कोतवाली की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
डीआईजी ने नगर के व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर कानून-व्यवस्था और व्यापारियों की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। वहीं बार एसोसिएशन के अध्यक्ष व महामंत्री से भी मुलाकात की। इस दौरान बार काउंसिल ने बाढ़ की सुरक्षा के लिए गार्ड की व्यवस्था किए जाने की मांग की।
निरीक्षण के दौरान डीआईजी वैभव कृष्ण ने पूर्व नक्सली रहे लोगों से भी बातचीत की और उनके वर्तमान जीवन के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि मुख्यधारा से जुड़कर सामान्य जीवन व्यतीत करना समाज और व्यक्ति दोनों के लिए बेहतर है। पूर्व नक्सलियों ने भी अपने वर्तमान जीवन को पहले की तुलना में अधिक सुखद और सुरक्षित बताया।
इसके बाद डीआईजी ने कोतवाली परिसर में बने महिला एवं पुरुष बैरकों का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यालय अभिलेखों की जांच की तथा साफ-सफाई एवं अभिलेखों के रखरखाव पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। इसके अलावा कोतवाली परिसर में सीज खड़ी वाहनों का भी निरीक्षण कर उनके विधिक निस्तारण की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस क्षेत्राधिकारी, रघुराज, प्रभारी निरीक्षक अर्जुन सिंह, व अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

