डिजिटल दौर में पत्रकारिता के सामने भरोसे का संकट

 

श्रेया न्यूज़ नेटवर्क-

सूचना और संचार क्रांति के इस दौर में पत्रकारिता का दायरा पहले की अपेक्षा कहीं अधिक व्यापक हुआ है। डिजिटल माध्यमों ने अभिव्यक्ति को आसान बनाया है, लेकिन इसके साथ चुनौतियां भी बढ़ी हैं। बिना प्रशिक्षण, तथ्य जांच और भाषा की समझ के पत्रकारिता में बढ़ती भागीदारी ने इस पेशे की विश्वसनीयता पर गंभीर प्रश्न खड़े किए हैं। ऐसे समय में पत्रकारिता के मूल्यों, मर्यादाओं और उत्तरदायित्व पर गंभीर पुनर्विचार की आवश्यकता महसूस की जा रही है।

प्रशिक्षण और समझ का अभाव-

पत्रकारिता केवल घटनाओं का विवरण नहीं, बल्कि तथ्यों की पड़ताल, भाषा की शुद्धता और सामाजिक उत्तरदायित्व का दायित्व भी है। वर्तमान समय में अनेक लोग बिना प्रशिक्षण और पत्रकारिता के मूल सिद्धांतों की समझ के स्वयं को पत्रकार घोषित कर रहे हैं। परिणामस्वरूप अपुष्ट सूचनाएं, भ्रामक दावे और अधूरी खबरें तेजी से प्रसारित हो रही हैं, जो समाज में भ्रम पैदा कर रही हैं।


सनसनी की दौड़ में गिरता स्तर-

पत्रकारिता का उद्देश्य जनहित की रक्षा करना और सत्ता से जवाबदेही सुनिश्चित करना है, लेकिन कुछ स्वघोषित पत्रकार इसे लोकप्रियता और व्यक्तिगत प्रचार का माध्यम बना बैठे हैं। बिना तथ्य सत्यापन के खबरें प्रसारित करना, आरोपों को समाचार का रूप देना और सनसनी फैलाना पत्रकारिता की गरिमा को आघात पहुंचा रहा है। इससे जिम्मेदार पत्रकारिता भी संदेह के घेरे में आ रही है।


विश्वसनीयता बचाने की चुनौती-

पत्रकारिता लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और इसकी सबसे बड़ी पूंजी जनता का विश्वास है। जब भाषा पर पकड़, तथ्यपरकता और नैतिक जिम्मेदारी का अभाव दिखाई देता है, तो समाचार माध्यमों की साख कमजोर पड़ती है। इसलिए समय की मांग है कि पत्रकारिता में प्रशिक्षण, आचार संहिता और पेशेवर मानकों को प्राथमिकता दी जाए, ताकि जनविश्वास और पत्रकारिता की गरिमा सुरक्षित रह सके।

Previous Post Next Post