चकिया, चंदौली वन विभाग ने शुक्रवार को अवैध रूप से परिवहन की जा रही खनन सामग्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पत्थर और ईंट से लदे एक ट्रैक्टर को पकड़ लिया। वाहन का चालक मौके से फरार हो गया, जबकि विभाग ने ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
विभाग से मिली जानकारी के अनुसार क्षेत्रीय वन अधिकारी अखिलेश कुमार दुबे के नेतृत्व में वन की टीम शुक्रवार को क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान चकिया-शेरवा लिंक मार्ग पर फत्तेपुर गांव के समीप एक ट्रैक्टर संदिग्ध परिस्थितियों में पत्थर और ईंट लादकर जाता दिखाई दिया। वन विभाग की टीम ने वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ट्रैक्टर लेकर भागने लगा।
वन कर्मियों ने पीछा करते हुए शेरवा गांव के पास ट्रैक्टर को रोक लिया। जांच के दौरान वाहन पर लदी सामग्री के परिवहन संबंधी अभिलेख और वैध दस्तावेज नहीं मिला। कार्रवाई होते देख चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
चंद्रप्रभा वन क्षेत्राधिकारी अखिलेश कुमार दुबे ने बताया कि पकड़े गए वाहन को विभागीय अभिरक्षा में लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। फरार चालक और वाहन स्वामी की पहचान कर उनके विरुद्ध वन एवं खनन से संबंधित प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों के अवैध दोहन और परिवहन पर विभाग की कड़ी नजर है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।

