पहली ही पानी छोड़ाई में लटकने लगी साइड वाल,आदर्श नहर परियोजना की गुणवत्ता पर उठे सवाल

ब्यूरो रिपोर्ट- 

शहाबगंज,चंदौली-आदर्श नहर परियोजना के अंतर्गत बेन रजवाहा की बटौवा फाल पर निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।फाल से सटी पश्चिमी पटरी पर करीब डेढ़ माह पूर्व निर्मित साइड वाल पहली बार नहर में पानी छोड़े जाने के दौरान ही लटकने लगी,जिससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर प्रश्नचिह्न लग गया है।

किसान विकास मंच के पदाधिकारियों का आरोप है कि निर्माण कार्य कर रही कंस्ट्रक्शन कंपनी ने मानकों की अनदेखी करते हुए साइड वाल की नींव की पर्याप्त खुदाई नहीं कराई।इसी आशंका को लेकर मंच ने पूर्व में निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए काम भी रुकवाया था।अब नहर में पानी आते ही साइड वाल के क्षतिग्रस्त होने से किसानों की आशंकाएं सही साबित होती दिखाई दे रही हैं।

किसान विकास मंच के संगठन मंत्री राम अवध सिंह ने मौके का निरीक्षण किया तो पाया कि साइड वाल नीचे की ओर झुककर लटक रही है।उन्होंने तत्काल सिंचाई विभाग के अधिकारियों को इसकी जानकारी दी।वहीं मंच के मंत्री सुरेश मौर्य ने निरीक्षण के दौरान देखा कि साइड वाल की स्थिति और अधिक खराब हो चुकी है।

सुरेश मौर्य ने सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता,सहायक अभियंता एवं अवर अभियंता को अवगत कराते हुए मांग की कि निर्माण में लापरवाही बरतने वाली कंस्ट्रक्शन कंपनी को ब्लैकलिस्ट किया जाए तथा उसका भुगतान रोका जाए। उन्होंने कहा कि क्षतिग्रस्त साइड वाल को पूरी तरह हटाकर नई साइड वाल का निर्माण कराया जाए,तभी क्षेत्र के किसानों को निर्बाध सिंचाई सुविधा मिल सकेगी।

किसान विकास मंच के अध्यक्ष राधेश्याम पांडेय ने कहा कि साइड वाल की स्थिति अत्यंत चिंताजनक है।यदि विभाग द्वारा इसे पुनर्निर्मित नहीं कराया गया तो किसान विकास मंच आंदोलन और धरना-प्रदर्शन के लिए बाध्य होगा।

निरीक्षण के दौरान राधेश्याम पांडेय,राम अवध सिंह,सुरेश मौर्य, अतुल मौर्य,श्यामलाल मौर्य एवं राकेश सिंह सहित कई किसान मौजूद रहे।किसानों ने निर्माण कार्य की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।

Previous Post Next Post