शहाबगंज (चंदौली)।क्षेत्र के परासी कलां गांव में तहलका स्पोर्टिंग स्पॉटिंग क्लब द्वारा आयोजित जनपद स्तरीय क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला रविवार को मछियाँ कलां और हथियानी के बीच खेला गया।रोमांच से भरपूर इस मुकाबले में मछियाँ कलां की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 40 रनों से जीत दर्ज कर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए मछियाँ कलां की टीम ने निर्धारित 8 ओवरों में 145 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से प्रफुल्ल सिंह ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए मात्र 28 गेंदों पर 97 रन बनाए,जिसमें 13 छक्के और 1 चौका शामिल रहा।उनकी ताबड़तोड़ पारी ने विपक्षी टीम के गेंदबाजों को पूरी तरह बेबस कर दिया।
146 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी हथियानी की टीम ने संघर्षपूर्ण प्रयास किया,लेकिन पूरी टीम 106 रन बनाकर सिमट गई। हथियानी की ओर से राहुल यादव ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए केवल 20 गेंदों में 86 रन बनाए,जिसमें 12 छक्के और 2 चौके शामिल रहे।उनकी आक्रामक पारी ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया,लेकिन वह अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके।प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रफुल्ल सिंह को मैन ऑफ द मैच चुना गया,जबकि पूरे टूर्नामेंट में 4 मैचों में 10 विकेट लेने वाले बिट्टू सिंह को मैन ऑफ द सीरीज़ का पुरस्कार प्रदान किया गया।समापन समारोह में विजेता टीम मछियाँ कलां को ट्रॉफी,मेडल एवं तीन हजार रुपया नकद पुरस्कार प्रदान किया गया।वहीं उपविजेता हथियानी टीम को मेडल एवं दो हजार रुपया नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आनंद प्रताप सिंह ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन,नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का विकास करते हैं।उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है,जरूरत केवल उन्हें उचित मंच और प्रोत्साहन देने की है।उन्होंने तहलका स्पोर्टिंग क्लब के आयोजकों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को सकारात्मक दिशा देने का कार्य करते हैं।कार्यक्रम का आयोजन एम. एस. यादव के नेतृत्व में तहलका स्पोर्टिंग क्लब,परासी कलां द्वारा किया गया।मैच के दौरान बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।फाइनल मुकाबले में चौकों-छक्कों की बारिश और खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन ने दर्शकों को अंत तक बांधे रखा।
