क्षेत्रीय विधायक के उद्बोधन में हिंदू शब्द नाम लेने मात्र से भड़क कर माइक बंद करवाने लगे विशिष्ट अतिथि

 


-केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले के हस्तक्षेप के बाद पूरा हुआ संबोधन, लोगों में उठी सर्वधर्म समभाव की चर्चा 

चकिया (चंदौली)( Shreya news network)

मुजफ्फरपुर गांव स्थित संबोधि संस्थान बुद्ध विहार परिसर में रविवार को आयोजित धार्मिक एवं सामाजिक समारोह के दौरान उस समय असहज स्थिति उत्पन्न हो गई, जब क्षेत्रीय विधायक कैलाश आचार्य अपने संबोधन में 'हिंदू' शब्द का उल्लेख कर रहे थे। इसी बीच मंच संचालक ने उनका पूरा वक्तव्य सुने बिना बीच में ही रोकने का प्रयास किया। अचानक हुए इस घटनाक्रम से मंच पर मौजूद अतिथियों और श्रोताओं में कुछ देर के लिए असहजता का माहौल बन गया। बाद में केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री रामदास अठावले के हस्तक्षेप के बाद विधायक ने अपना संबोधन पूरा किया।


कार्यक्रम समाप्त होने के बाद यह घटनाक्रम क्षेत्र में चर्चा का विषय बना रहा। अनेक लोगों ने सवाल उठाया कि यदि समारोह का उद्देश्य सामाजिक समरसता और मानवता का संदेश देना था, तो किसी जनप्रतिनिधि को अपनी बात पूरी रखने से पहले टोकना उचित नहीं था। लोगों के बीच सर्वधर्म समभाव और अभिव्यक्ति की समानता को लेकर भी चर्चाएं होती रहीं।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री के स्वागत में विशाल पुष्पमाला पहनाने के समय मंच का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। एहतियातन मंत्री सहित अन्य अतिथियों के बैठने की व्यवस्था नीचे जमीन पर कर कार्यक्रम आगे संपन्न कराया गया।


समारोह के अंतर्गत परंपरा के अनुसार भिक्षु संघ को श्रद्धापूर्वक भोजन दान कराया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भागीदारी की। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख शंभूनाथ यादव, नगर पंचायत अध्यक्ष गौरव श्रीवास्तव सहित जनप्रतिनिधि, प्रबुद्धजन एवं बौद्ध अनुयायी उपस्थित रहे।

Previous Post Next Post