शहाबगंज,चंदौली-मानसून की धीमी रफ्तार और धान की रोपाई का समय नजदीक आते ही किसानों की चिंता बढ़ गई है।सिंचाई व्यवस्था को लेकर किसान अब पूरी तरह सतर्क हो गए हैं।इसी क्रम में किसान विकास मंच ने केरायगांव ड्रेन पर स्थित केरायगांव रेगुलेटर के खराब गेट को लेकर सिंचाई विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए तत्काल मरम्मत की मांग की है।किसान विकास मंच के पदाधिकारियों ने बताया कि केरायगांव,भरुहिया और हड़ौरा स्थित रेगुलेटरों की मरम्मत की मांग कई बार जिला किसान दिवस में उठाई गई थी।बंधी डिवीजन के अधिकारियों ने मरम्मत का आश्वासन दिया था,जिसके बाद कार्य भी कराया गया। लेकिन केरायगांव रेगुलेटर के जिस गेट की मरम्मत हुई,वह अब पूरी तरह जाम हो गया है।गेट न तो ऊपर उठ रहा है और न ही नीचे गिर रहा है,जिससे किसानों की परेशानी बढ़ गई है।नहर में पानी आने के बाद किसान धान की नर्सरी और रोपाई के लिए खेतों तक पानी पहुंचाने की तैयारी कर रहे थे।इसी दौरान जब रेगुलेटर का गेट संचालित करने का प्रयास किया गया तो वह नहीं चला।किसान विकास मंच के युवा नेता भीष्म नारायण यादव ने अन्य किसानों के साथ मिलकर गेट को चलाने का प्रयास किया,लेकिन सफलता नहीं मिली।
भीष्म नारायण यादव ने कहा कि यदि रेगुलेटर का गेट तत्काल ठीक नहीं कराया गया तो हजारों बीघा कृषि भूमि की सिंचाई प्रभावित होगी और किसानों की फसल संकट में पड़ जाएगी।उन्होंने बताया कि इसी रेगुलेटर के माध्यम से दर्जनों गांवों की सिंचाई होती है तथा लगभग पचास गांवों का बारिश और बाढ़ का पानी भी इसी मार्ग से निकासी होता है।यदि गेट समय पर संचालित नहीं हुआ तो सिंचाई संकट के साथ-साथ बाढ़ का खतरा भी कई गुना बढ़ जाएगा।किसान विकास मंच के संगठन मंत्री राम अवध सिंह ने इस समस्या से बंधी डिवीजन के अधिशासी अभियंता सुरेश चंद्र आजाद,
सहायक अभियंता मनोज सिंह तथा अवर अभियंता अजेश्वर सिंह को अवगत कराया।इस पर अवर अभियंता अजेश्वर सिंह ने बताया कि संबंधित ठेकेदार को तत्काल मौके पर भेजकर गेट की मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए हैं।उन्होंने कहा कि विभाग इस प्रकार की शिकायतों को गंभीरता से ले रहा है और जल्द समस्या का समाधान कराया जाएगा।वहीं किसानों ने चेतावनी दी है की खेती ही उनकी आजीविका का मुख्य आधार है।यदि शीघ्र रेगुलेटर की मरम्मत नहीं कराई गई तो वे आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।इस दौरान केदारनाथ,हिमांशु कुमार,अविनाश यादव, अमित कुमार आदि किसान मौजूद थे।
