ब्यूरो रिपोर्ट
शहाबगंज/चकिया,चंदौली (Shreya news network)-धान का कटोरा कहे जाने वाले क्षेत्र में इन दिनों किसान धान की नर्सरी लगाने के बाद खेतों को रोपाई के लिए तैयार करने में जुटे हैं।किसान उम्मीद कर रहे थे कि समय पर नहरों में पानी आने से धान की रोपाई सुचारु रूप से शुरू हो जाएगी,लेकिन सोमवार को लेफ्ट कर्मनाशा नहर और तियरा राजवाहा के तटबंध टूटने से किसानों की चिंता बढ़ गई है।
जानकारी के अनुसार, लतीफशाह बीयर से निकली लेफ्ट कर्मनाशा मेन नहर में पानी छोड़े जाने के बाद बीयर के समीप नहर का तटबंध टूट गया।वहीं तियरा गांव के पास तियरा राजवाहा का तटबंध भी क्षतिग्रस्त हो गया,जिससे नहर का पानी निर्धारित मार्ग से हटकर बहने लगा।इसके कारण किसानों को समय पर सिंचाई का पानी मिलने पर संकट के बादल मंडराने लगे हैं।बताया जा रहा है कि लतीफशाह बीयर से लगभग 500 मीटर दूरी पर नहर में भारी मात्रा में सिल्ट जमा होने के कारण करीब 20 फीट गहरा धंसाव हो गया, जिससे लगभग 15 फीट चौड़ा तटबंध टूट गया।घटना की सूचना मिलते ही सिंचाई विभाग में हड़कंप मच गया। विभागीय अधिकारी मौके पर पहुंचकर युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य में जुट गए।पुलिस क्षेत्राधिकारी चकिया भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।किसान नेता राम अवध सिंह ने कहा कि नहरों की सफाई और मरम्मत पर हर वर्ष लाखों रुपये खर्च किए जाने का दावा किया जाता है,लेकिन पहली बार पानी छोड़े जाते ही नहरों और राजवाहों का टूट जाना विभागीय कार्यों की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े करता है।उन्होंने कहा कि यदि समय रहते मरम्मत कार्य पूरा नहीं हुआ तो धान की रोपाई प्रभावित होगी और किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ेगा।
वहीं किसान नेता व भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष सतीश सिंह चौहान ने कहा कि क्षेत्र के किसान पूरी तरह सिंचाई व्यवस्था पर निर्भर हैं।नहर टूटने से किसानों के सामने सिंचाई का संकट खड़ा हो गया है।उन्होंने आरोप लगाया कि नहरों की सफाई और तटबंधों की मरम्मत में अनियमितता बरती गई है, जिसकी निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।उन्होंने मांग की कि विभाग शीघ्र मरम्मत कार्य पूरा कर किसानों को समय पर पानी उपलब्ध कराए।
फिलहाल सिंचाई विभाग द्वारा क्षतिग्रस्त तटबंधों की मरम्मत का कार्य तेजी से कराया जा रहा है।किसानों की निगाहें अब इस बात पर टिकी हैं कि नहरों की व्यवस्था कब तक पूरी तरह बहाल होती है,ताकि धान की रोपाई में किसी तरह की बाधा उत्पन्न न हो।
