ब्यूरो रिपोर्ट
-90 प्रतिशत बजट खर्च, निर्माण अधर में, प्रधान ने विकास कार्यों में विभाग पर कमीशनखोरी का लगाया आरोप
-एक ब्लॉक की बदहाली नहीं संभली, फिर भी बीडीओ को मिला एक और ब्लॉक का अतिरिक्त प्रभार
चकिया, चंदौल-(Shreya news network)स्थानीय विकासखंड के भास्करपुर ग्राम पंचायत अंतर्गत राजस्व गांव चण्डीपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय में वित्तीय वर्ष 2022-23 से बन रहा दिव्यांग शौचालय आज भी अधूरा पड़ा है। स्थिति यह है कि निर्माण कार्य पर 90 प्रतिशत से अधिक धनराशि खर्च होने के बावजूद भवन उपयोग के योग्य नहीं बन सका है। मौके की स्थिति देखकर यह कहना कठिन नहीं कि निर्माण की गुणवत्ता और कार्य की निगरानी दोनों खानापूर्ति ही है।
विद्यालय परिसर में खड़ा अधूरा शौचालय सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की हकीकत उजागर कर रहा है। जिम्मेदार अधिकारियों की निगरानी में संचालित इस कार्य की धीमी प्रगति और गुणवत्ता को लेकर ग्रामीणों में भी नाराजगी है। ग्राम प्रधान ने आरोप लगाया कि विकास कार्यों में पारदर्शिता की कमी और विभागीय स्तर पर कमीशनखोरी के कारण योजनाओं का वास्तविक लाभ जनता तक नहीं पहुंच पा रहा है।
विकासखंड क्षेत्र में अधूरे और विवादित विकास कार्यों की शिकायतें लगातार सामने आती रही हैं, लेकिन कार्रवाई और जवाबदेही तय होने के बजाय मामले फाइलों तक सिमट जाते हैं। सबसे बड़ा सवाल विकासखंड अधिकारी की कार्यप्रणाली पर खड़ा हो रहा है। जब एक विकासखंड में ही निर्माण कार्यों की निगरानी और गुणवत्ता सुनिश्चित नहीं हो पा रही है, तब उन्हें नौगढ़ विकासखंड का अतिरिक्त प्रभार सौंपने का औचित्य क्या है।
चण्डीपुर का अधूरा दिव्यांग शौचालय केवल एक निर्माण कार्य की विफलता नहीं, बल्कि उस प्रशासनिक व्यवस्था पर प्रश्नचिह्न है, जिसकी जिम्मेदारी विकास योजनाओं को धरातल तक पहुंचाने की है। अब देखना यह है कि जिम्मेदार अधिकारी जवाब देते हैं या यह निर्माण भी अन्य योजनाओं की तरह कागजों में ही पूर्ण मान लिया जाएगा।
