20 सालों की परंपरा हुई तार-तार! सपा सांसद वीरेंद्र सिंह की अध्यक्षता में हो रही "दिशा" की बैठक से मीडिया को रखा गया दूर, पत्रकारों ने दिखाया अपना तेवर

 

श्रेया न्यूज़ नेटवर्क

ब्यूरो रिपोर्ट, चंदौली-

उत्तर प्रदेश के चंदौली जिला मुख्यालय पर आज 'दिशा' की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। लोकसभा सांसद वीरेंद्र सिंह की अध्यक्षता में आयोजित हुई इस बैठक में एक ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसने पिछले 20 वर्षों से चली आ रही एक स्वस्थ लोकतांत्रिक परंपरा को दरकिनार कर दिया। जिले के विकास कार्यों की रूपरेखा तैयार करने के लिए हर तीन महीने में होने वाली इस बैठक से आज मीडियाकर्मियों को पूरी तरह दूर रखा गया।

लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर चोट: वर्तमान व्यवस्था में बढ़ी पाबंदियां

यह घटना केवल एक स्थानीय बैठक तक सीमित नहीं है, बल्कि यह वर्तमान प्रशासनिक व्यवस्था के तहत पत्रकारों की स्वतंत्रता पर लग रहे कड़े पहरे की एक बानगी है। आज के इस दौर में यह प्रवृत्ति लगातार बढ़ती जा रही है, जहां सत्ता और प्रशासन अपनी असुविधाजनक सच्चाइयों को छुपाने के लिए जब चाहे, जहां चाहे, पत्रकारों के प्रवेश पर रोक लगा देते हैं।

तार्किक रूप से देखा जाए तो लोकतंत्र में पारदर्शिता ही सबसे बड़ी ताकत होती है। जब सरकार या प्रशासन लोक-कल्याणकारी दावों को बढ़ा-चढ़ाकर पेश करता है, तब मीडिया का स्वागत किया जाता है; लेकिन जैसे ही जमीनी हकीकत, समीक्षा या अधिकारियों की जवाबदेही का वक्त आता है, तो पत्रकारों के लिए दरवाजे बंद कर दिए जाते हैं। यह रवैया इस बात का प्रतीक बन चुका है कि वर्तमान व्यवस्था में मीडिया के प्रवेश को जनहित के नजरिए से नहीं, बल्कि प्रशासनिक सहूलियत के हिसाब से तय किया जा रहा है, जो कि चौथे स्तंभ की स्वायत्तता के लिए एक गंभीर चिंता का विषय है।

20 वर्षों की परंपरा को किया गया दरकिनार

विगत दो दशकों से यह स्वस्थ परंपरा रही है कि दिशा की बैठक में मीडिया प्रतिनिधियों को ससम्मान आमंत्रित किया जाता था और बैठने की जगह दी जाती थी, ताकि जनता के विकास से जुड़े मुद्दों को पूरी पारदर्शिता के साथ आम लोगों तक पहुंचाया जा सके। लेकिन आज की बैठक में ऐसा क्या खास था, जिसे पत्रकारों से छुपाने की पुरजोर कोशिश की गई? भारी पुलिस बल तैनात करके मीडिया को बैठक कक्ष से बाहर ही रोक दिया गया।

क्या अंदर परमाणु अनुसंधान जैसी गोपनीय चर्चा हो रही थी?

बैठक से मीडिया को अचानक बाहर रखे जाने के बाद जिला मुख्यालय के गलियारों में तरह-तरह के कयासों का बाजार गर्म हो गया। पत्रकार और स्थानीय लोग चुटकी लेते हुए यह सवाल उठाने लगे कि *“आखिर अंदर ऐसा क्या छुपाया जा रहा था? क्या नेता और अधिकारी अंदर किसी देश की सुरक्षा या परमाणु अनुसंधान जैसे बेहद गोपनीय विषय पर चर्चा कर रहे थे।

दरअसल, सच्चाई यह भी है कि पिछले कुछ समय से बंद कमरों में होने वाली बैठकों में नेताओं और अधिकारियों के बीच आपसी तालमेल की कमी और तीखी बहस की खबरें मीडिया के माध्यम से जनता तक पहुंच रही थीं। राजनीतिक गलियारों में इस बात की भी सुगबुगाहट है कि बंद कमरों में अधिकारी और राजनेता अपने चहेते ठेकेदारों को काम दिलाने और कमीशन के खेल को मीडिया की नजरों से बचाना चाहते हैं। शायद यही वजह थी कि आज लोकतंत्र के चौथे स्तंभ का रास्ता पुलिस लगाकर रोक दिया गया।

संसद को पत्रकारोंन दिखाया, बयान लेने से किया इनकार 

प्रशासन और राजनेताओं के इस अलोकतांत्रिक रवैये से नाराज होकर पत्रकारों ने भी आज अपनी एकजुटता और ताकत का परिचय दिया। जब बैठक समाप्त होने के बाद सपा सांसद वीरेंद्र सिंह बाहर निकले, तो पत्रकारों ने उनके सामने माइक तो लगाए, लेकिन उनके इस रवैये के विरोध में किसी भी पत्रकार ने उनकी बाइट (बयान) नहीं ली।

पत्रकारों के इस मौन और कड़े विरोध ने राजनेताओं को यह साफ संदेश दे दिया है कि मीडिया को केवल अपनी मर्जी से इस्तेमाल नहीं किया जा सकता। जब तक पारदर्शिता और सम्मान नहीं मिलेगा, तब तक मीडिया भी उनकी एकतरफा बातों को जनता तक पहुंचाने का जरिया नहीं बनेगी। श्रेया न्यूज़ नेटवर्क इस पूरी घटनाक्रम पर अपनी पैनी नजर बनाए हुए है।

Previous Post Next Post