*शिक्षा के साथ व्यक्तित्व विकास भी जरूरी*: शंकर गिरि
शहाबगंज (चंदौली)।क्षेत्र के शिवपुर गांव स्थित श्री योगेश्वरनाथ स्नातकोत्तर महाविद्यालय में सोमवार को वार्षिकोत्सव समारोह हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष शंकर गिरि एवं महाविद्यालय की प्रबंधक विभा गिरि ने दीप प्रज्ज्वलित कर तथा मां सरस्वती के तैलचित्र पर माल्यार्पण करके किया।इसके बाद छात्र-छात्राओं ने गीत,संगीत,नृत्य और नाटक सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से ऐसा समां बांधा कि पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।वार्षिकोत्सव में विद्यार्थियों ने अपनी कला,प्रतिभा और रचनात्मकता का शानदार प्रदर्शन किया। विभिन्न प्रस्तुतियों के माध्यम से छात्र-छात्राओं ने सामाजिक जागरूकता का संदेश देने के साथ भारतीय संस्कृति, परंपरा और संस्कारों की मनोहारी झलक प्रस्तुत की।विद्यार्थियों की आकर्षक प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों,शिक्षकों और अभिभावकों का मन मोह लिया।अतिथियों ने तालियां बजाकर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष शंकर गिरि ने विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान हासिल करना नहीं है,बल्कि विद्यार्थियों का सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास करना भी है। सांस्कृतिक और रचनात्मक कार्यक्रम विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा निखारने और आत्मविश्वास के साथ उसे प्रस्तुत करने का मंच प्रदान करते हैं।उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ खेल,संस्कृति एवं रचनात्मक गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।महाविद्यालय की प्रबंधक विभा गिरि ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि महाविद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के साथ उनके व्यक्तित्व का समग्र विकास करना है।उन्होंने कहा कि वार्षिकोत्सव जैसे आयोजन विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, अनुशासन,नेतृत्व क्षमता और आपसी सहयोग की भावना विकसित करते हैं।
समारोह में मुख्य रूप से कुलदीप सिंह,डॉ. इरफान अहमद,राम चरन सिंह,सुक्खू शरण सिंह,ऋषि कुमार सहित छात्र-छात्राएं प्रीति,अंजली,आंचल, सुप्रिया,कंचन,सबीना, शुभम,सतीश,निरंजनी, नेहा और सुशील मौजूद रहे।कार्यक्रम का संचालन फिरदौस खान एवं जमाल अहमद ने किया।
