बौद्ध महोत्सव में गूंजा शिक्षा, समानता और संविधान की रक्षा का संदेश*


शहाबगंज।क्षेत्र के बुद्ध की गुफा,घुरहूपुर की पहाड़ी पर रविवार को बौद्ध महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया।महोत्सव में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान भगवान बुद्ध के विचारों,शिक्षा के महत्व,सामाजिक समानता और संविधान की रक्षा को लेकर वक्ताओं ने अपने विचार रखे।

महोत्सव के मुख्य अतिथि राबर्ट्सगंज सांसद छोटेलाल खरवार ने कहा कि समाज और व्यक्ति के विकास के लिए शिक्षा सबसे महत्वपूर्ण हथियार है।जब तक समाज शिक्षित और जागरूक नहीं होगा,तब तक वास्तविक विकास संभव नहीं है।उन्होंने कहा कि शिक्षा ही व्यक्ति को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक और समाज को सशक्त बनाने का माध्यम है।सांसद ने भाजपा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि भाजपा के नेता झूठे वादों के सहारे सत्ता में आए हैं और संविधान को बदलने की कोशिश कर रहे हैं।उन्होंने लोगों से सजग और जागरूक रहने तथा संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए एकजुट रहने की अपील की।इस दौरान उन्होंने बुद्ध की गुफा स्थल पर बड़ी लाइट लगाने की घोषणा भी की।उन्होंने कहा कि इससे ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थल की सुंदरता बढ़ने के साथ ही इसकी पहचान और आकर्षण भी बढ़ेगा।पूर्व विधायक मनोज सिंह ने कहा कि भगवान बुद्ध का संदेश किसी एक वर्ग या समाज तक सीमित नहीं है।उन्होंने पूरी मानवता को करुणा,शांति,समानता और भाईचारे का रास्ता दिखाया।आज के दौर में बुद्ध के विचारों को अपनाने की सबसे अधिक आवश्यकता है।उन्होंने कहा कि समाज में शिक्षा और वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देकर ही अंधविश्वास और सामाजिक बुराइयों को दूर किया जा सकता है।


पूर्व विधायक जितेंद्र कुमार एडवोकेट ने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ अपने अधिकारों और संविधान के प्रति जागरूक होना भी जरूरी है।उन्होंने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर और भगवान बुद्ध के विचार सामाजिक न्याय और समानता की मजबूत नींव हैं।समाज के वंचित और कमजोर वर्गों को शिक्षा के माध्यम से आगे बढ़ाने का संकल्प लेना होगा।उन्होंने युवाओं से महापुरुषों के विचारों को आत्मसात करने का आह्वान किया।पूर्व प्रमुख प्रतिनिधि सुधाकर कुशवाहा ने कहा कि भगवान बुद्ध ने दुनिया को शांति,करुणा और मानवता का संदेश दिया।उनके विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं।उन्होंने कहा कि समाज में भाईचारा,समानता और आपसी सम्मान कायम करने के लिए बुद्ध के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना होगा। उन्होंने युवाओं से शिक्षा को अपनी प्राथमिकता बनाने और समाज के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।कार्यक्रम को मुश्ताक अहमद,भंते चंदन,झारखंडे राजभर,अश्वनी सोनकर,जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि दशरथ सोनकर,टोनी खरवार,धम्म ज्योति,धम्म चक्रधारी आदि वक्ताओं ने संबोधित किया।वक्ताओं ने भगवान बुद्ध के करुणा,समानता,शांति और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।महोत्सव की अध्यक्षता आनंद प्रकाश पांडेय तथा संचालन श्रीकांत सिंह ने किया।

Previous Post Next Post