शहाबगंज (चंदौली)। ब्लॉक मुख्यालय तिराहे के पास बुधवार को ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार राकेश शुक्ला गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शहाबगंज ले जाया गया, लेकिन इमरजेंसी में चिकित्सक नहीं मिलने पर लोगों ने हंगामा किया। बाद में घायल को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया।
शिवपुर गांव निवासी राकेश बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान बाजार की ओर से आ रहे ट्रक की चपेट में आ गए। हादसे में उनका बायां हाथ गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गया। राहगीरों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सक की अनुपलब्धता से लोगों में नाराजगी फैल गई। घायल की गंभीर स्थिति को देखते हुए परिजन भी परेशान रहे और तत्काल बेहतर उपचार की मांग करने लगे।
क्षेत्रीय लोगों ने आरोप लगाया कि दोपहर दो बजे के बाद चिकित्सक अक्सर केंद्र से चले जाते हैं, जिससे आपात स्थिति में मरीजों को उपचार नहीं मिल पाता। परिजनों ने सीएमओ को फोन कर शिकायत दर्ज कराई। उधर, ट्रक छोड़कर चालक फरार हो गया। पुलिस वाहन कब्जे में लेकर कार्रवाई में जुटी है।
घायल का प्राथमिक उपचार फार्मासिस्ट व वार्ड ब्वाय ने किया। इसके बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। स्थानीय लोगों ने स्वास्थ्य विभाग से इमरजेंसी में चिकित्सक की उपलब्धता सुनिश्चित कराने की मांग की, ताकि दुर्घटना या अन्य आपात स्थिति में मरीजों को समय पर इलाज मिल सके।


