चंदौली। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत जनपद में न्यूनतम समर्थन मूल्य पर धान खरीद की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग के अनुमोदन के बाद जिले में कुल 147 धान क्रय केंद्र स्थापित किए गए हैं। इन केंद्रों पर आगामी 2 नवंबर 2026 से धान की खरीद शुरू होगी।
जिला खाद्य विपणन अधिकारी राघवेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। क्रय केंद्रों पर धान खरीद का समय सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित किया गया है।
चकिया में बनाए गए 23 क्रय केंद्र
जिले के विभिन्न विकास खंडों में क्रय केंद्रों की स्थापना की गई है। इनमें बरहनी में 32, चकिया में 23, चंदौली सदर में 22, सकलडीहा में 18, धानापुर में 15, शहाबगंज में 13, चहनियां में 11, नियामताबाद में 7 और नौगढ़ में 6 केंद्र बनाए गए हैं। इनका संचालन खाद्य विभाग, पीसीएफ, पीसीयू, यूपीएसएस, भारतीय खाद्य निगम और मंडी समिति के माध्यम से किया जाएगा।
2441 रुपये प्रति क्विंटल मिलेगा समर्थन मूल्य
इस वर्ष धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2441 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। इसके अतिरिक्त सफाई एवं छनाई के मद में 20 रुपये प्रति क्विंटल की धनराशि भी किसानों को दी जाएगी। इस प्रकार किसानों को निर्धारित समर्थन मूल्य के अतिरिक्त सफाई-छनाई की धनराशि का लाभ मिलेगा।
फार्मर रजिस्ट्री और पंजीकरण जरूरी
धान खरीद में इस बार फार्मर रजिस्ट्री को विशेष महत्व दिया गया है। किसानों से मुख्य रूप से फार्मर रजिस्ट्री के आधार पर धान की खरीद की जाएगी। जिन किसानों की फार्मर रजिस्ट्री नहीं हुई है, उन्हें खाद्य विभाग के पोर्टल fcs.up.gov.in पर अपना पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा। वहीं, जिन किसानों की फार्मर रजिस्ट्री में सभी गाटे दर्ज नहीं हैं, वे समय रहते उन्हें जुड़वा लें, ताकि धान बिक्री के समय किसी प्रकार की परेशानी न हो।
पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर होगी खरीद
धान खरीद की प्रक्रिया 'पहले आओ, पहले पाओ' के आधार पर संचालित की जाएगी। किसान अपनी फार्मर रजिस्ट्री अथवा पंजीकरण संबंधी विवरण लेकर संबंधित क्रय केंद्र पर पहुंचकर धान बिक्री के लिए अपना क्रम दर्ज करा सकते हैं। 1 नवंबर को रविवार का अवकाश होने के कारण यह प्रक्रिया भी 2 नवंबर से शुरू होगी।
पूरी खरीद व्यवस्था के पर्यवेक्षण के लिए अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) को जिला खरीद अधिकारी नामित किया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि क्रय केंद्रों पर किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। यदि किसी केंद्र पर अनियमितता या लापरवाही सामने आती है तो केंद्र प्रभारी के साथ संबंधित संस्था के जिला प्रबंधकों की जवाबदेही तय कर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने जनपद के किसानों से अपील की है कि वे समय रहते अपनी फार्मर रजिस्ट्री और पंजीकरण की स्थिति सुनिश्चित कर लें तथा धान बिक्री के लिए अपने नजदीकी क्रय केंद्र से संपर्क करें।
