शिकायतों के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई, अब पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष से लगाई गुहार*


शहाबगंज,चंदौली।क्षेत्र के ग्राम बड़ौरा की अनुसूचित जाति बस्ती के लोग लंबे समय से सड़क,जलनिकासी और अधूरे निर्माण कार्यों की समस्या से परेशान हैं।कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं होने पर रविवार को ग्रामीणों ने पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष क्षत्रबली सिंह से मुलाकात कर समस्याओं के निराकरण की मांग की।

ग्रामीणों ने बताया कि गांव में नहर से बस्ती तक बनाया जा रहा मार्ग बीच में ही अधूरा छोड़ दिया गया है। इसके अलावा कई स्थानों पर सीसी रोड का निर्माण भी अधूरा पड़ा है।जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश के दिनों में सड़क और बस्ती में जलभराव हो जाता है। वहीं सड़क के बीच बनी पुलिया बंद होने से पानी की निकासी पूरी तरह बाधित है,जिससे ग्रामीणों को आवागमन में भी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

ग्रामीणों के अनुसार,इन समस्याओं को लेकर पूर्व में तहसील दिवस में प्रार्थना पत्र देकर शिकायत की गई थी। शिकायत के बाद एसडीएम चकिया की ओर से समस्याओं की जांच के लिए टीम गठित कर रिपोर्ट प्रस्तुत कराने का आश्वासन दिया गया था।ग्रामीणों का आरोप है कि आश्वासन के बावजूद अभी तक न तो जांच टीम गांव पहुंची और न ही किसी अधिकारी ने मौके पर पहुंचकर समस्याओं का स्थलीय निरीक्षण किया।इससे ग्रामीणों में प्रशासन के प्रति निराशा बढ़ती जा रही है।ग्रामीणों ने पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष के समक्ष अधूरे मार्ग एवं सीसी रोड का निर्माण शीघ्र पूरा कराने,बंद पुलिया को खुलवाने,नालियों की सफाई कराने तथा आवश्यकता के अनुसार नई नालियों का निर्माण कराने की मांग रखी।ग्रामीणों ने कहा कि बारिश के दौरान जलभराव की समस्या गंभीर रूप ले लेती है,इसलिए जलनिकासी की व्यवस्था जल्द दुरुस्त कराना जरूरी है।


ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनने के बाद पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष ने एक सप्ताह के भीतर समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया।पूर्व अध्यक्ष के आश्वासन के बाद ग्रामीणों को समस्या के समाधान की उम्मीद जगी है।इस दौरान जितेंद्र कुमार,अनिल कुमार,सचिन पटेल, उमेश गुप्ता,बनारसी पासवान,नचक लाल, हरि प्रसाद,श्यामलाल, ऊषा देवी,विकास गुप्ता,नथुनी चौहान, संजय गुप्ता,लालदेई, रामसरे त्यागी आदि उपस्थित थे।

Previous Post Next Post