फसल मुआवजा,आवास और एमएसपी की गारंटी को लेकर किसान सभा का प्रदर्शन*


शहाबगंज,चंदौली।उत्तर प्रदेश किसान सभा के राज्यव्यापी आह्वान पर मंगलवार को सैकड़ों किसानों ने विभिन्न मांगों को लेकर शहाबगंज कस्बे में जुलूस निकाला।किसान सभा के झंडे और बैनर के साथ निकला जुलूस बाजार से होते हुए विकासखंड कार्यालय पहुंचा,जहां किसानों ने सभा कर जोरदार प्रदर्शन किया।इसके बाद मुख्यमंत्री को संबोधित मांगपत्र खंड विकास अधिकारी,शहाबगंज को सौंपा गया।जिला मंत्री लालचंद सिंह एडवोकेट तथा मंडल मंत्री नंदलाल व स्वामीनाथ के नेतृत्व में निकाले गए जुलूस में किसानों ने अतिवृष्टि और बाढ़ से गिरे कच्चे मकानों के पीड़ित परिवारों को प्रधानमंत्री आवास उपलब्ध कराने तथा जलजमाव से बर्बाद फसलों का 30 हजार रुपये प्रति एकड़ मुआवजा देने की मांग की।बटाईदार किसानों को भी फसल क्षति का मुआवजा देने की मांग प्रमुखता से उठाई गई।

किसान नेताओं ने कहा कि बीपीएल सूची में नाम नहीं होने के बावजूद वास्तविक रूप से गरीब परिवारों को पक्का आवास दिया जाए।महंगाई पर रोक लगाने के साथ रसोई गैस,खाद्य तेल,चीनी,डीजल और पेट्रोल के दाम कम करने की मांग की गई।सभी समितियों पर पर्याप्त मात्रा में खाद,बीज और कृषि दवाएं उपलब्ध कराने की भी मांग उठाई गई।वक्ताओं ने महीनों से रुकी वृद्धावस्था,विधवा और दिव्यांग पेंशन तत्काल खातों में भेजने,शहाबगंज क्षेत्र के भूसी,भोड़सर,केरायगांव,जेगुरी,खखड़ा,रोहाखी,बरियारपुर लेहरा और हड़ौरा आदि गांवों की जर्जर सड़कों का निर्माण कराने की मांग की।साथ ही कमीशनखोरी और भ्रष्टाचार बंद करने,बिजली के निजीकरण पर रोक लगाने,वास्तविक आर्थिक स्थिति के आधार पर आय प्रमाण पत्र जारी करने तथा बारिश और बाढ़ के पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था करने की मांग की गई।किसानों ने उनकी उपज के लिए एमएसपी की कानूनी गारंटी देने की भी मांग की।

वक्ताओं ने सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ आंदोलन तेज करने का आह्वान किया।साथ ही 2 अक्टूबर को चकिया गांधी पार्क में किसान सभा द्वारा आयोजित आंदोलन में अधिक से अधिक किसानों से भाग लेने की अपील की गई।प्रदर्शन के दौरान ब्लॉक मुख्यालय पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद थी।सभा को जिला अध्यक्ष परमानंद,शंभूनाथ,महिला नेता लालमणि देवी,जयप्रकाश,बदरूद्वजा अंसारी,बड़ेलाल,छोटेलाल,जयनाथ,रामधर,रिंकू भारती आदि ने संबोधित किया।

Previous Post Next Post