खुली मिठाइयों पर अब दिखेगी ‘यूज बाई डेट’, 15 अक्टूबर से नियम लागू, उल्लंघन पर लाइसेंस निलंबन की चेतावनी

 


चंदौली। त्योहारों के मौसम से पहले खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) ने मिठाई कारोबारियों के लिए बड़ा निर्देश जारी किया है। अब प्रदेश की सभी मिठाई दुकानों पर बिकने वाली और भंडारित खुली मिठाइयों की ट्रे पर ‘यूज बाई डेट’ (प्रयोग की अंतिम तिथि) अंकित करना अनिवार्य होगा। यह व्यवस्था 15 अक्टूबर 2026 से पूरे प्रदेश में लागू कर दी जाएगी। नियमों का पालन न करने वाले कारोबारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए उनका खाद्य लाइसेंस निलंबित किया जा सकता है।

सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय धीरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि उपभोक्ताओं को ताजा और सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है। विभागीय निरीक्षणों में पाया गया कि अधिकांश दुकानों पर ग्राहकों को मिठाइयों के निर्माण और उपभोग की अंतिम तिथि की जानकारी नहीं दी जाती है, जिससे स्वास्थ्य संबंधी जोखिम बढ़ जाते हैं।

उन्होंने बताया कि मिठाइयों की प्रकृति के अनुसार उनकी शेल्फ लाइफ अलग-अलग होती है। मावा, छेना और अन्य नमी युक्त मिठाइयां कम समय तक सुरक्षित रहती हैं, जबकि कुछ ड्राई फ्रूट आधारित मिठाइयों की उपभोग अवधि अपेक्षाकृत अधिक होती है। ऐसे में उपभोक्ताओं को स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराना आवश्यक है।

अब तक केवल पैक्ड मिठाइयों पर ही निर्माण एवं एक्सपायरी तिथि अंकित करना अनिवार्य था, लेकिन खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के नए निर्देशों के तहत खुली मिठाइयों की ट्रे पर भी ‘यूज बाई डेट’ प्रदर्शित करनी होगी। इससे ग्राहक यह जान सकेंगे कि मिठाई कब तक खाने योग्य है।

एफएसडीए ने स्पष्ट किया है कि 15 अक्टूबर के बाद नियमों की अनदेखी करने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी। गंभीर मामलों में संबंधित दुकान का खाद्य लाइसेंस या पंजीकरण तत्काल प्रभाव से निलंबित किया जा सकता है।

निर्देशों के अनुपालन के लिए विभाग द्वारा विशेष जांच टीमें गठित की जा रही हैं, जो जिलेभर में मिठाई दुकानों, निर्माण इकाइयों और भंडारण स्थलों का निरीक्षण करेंगी। विभाग ने आम जनता से भी अपील की है कि मिठाई खरीदते समय उस पर अंकित ‘यूज बाई डेट’ अवश्य जांचें और किसी भी अनियमितता की सूचना विभाग को दें।

Previous Post Next Post