-चकिया पुलिस और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई, तमंचा और बाइक बरामद
चकिया, चंदौली- पुलिस और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में सोमवार को 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। उसका एक साथी भी जंगल में घेराबंदी कर दबोच लिया गया। घायल बदमाश को उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के गांधीनगर पुलिया के पास थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह और स्वाट प्रभारी रामजनम यादव अपनी टीम के साथ वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान एक बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक पुलिस को देखकर तेज गति से लतीफशाह की ओर भागने लगे। पीछा करने पर उन्होंने बाइक जंगल की ओर मोड़ दी, जहां मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गिर गई।
इस दौरान एक बदमाश ने घेराबंदी देखकर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया। उसकी पहचान अली हसन उर्फ शेरू अंसारी पुत्र फैजुलहसन, निवासी शिवरामपुर, थाना चांद, जिला कैमूर (बिहार) के रूप में हुई। वह थाना इलिया से वर्ष 2025 से गोवध निवारण अधिनियम समेत अन्य मामलों में वांछित चल रहा था और उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
दूसरा आरोपी सोनू अंसारी पुत्र तस्लीम अंसारी निवासी बुढ़वाई, थाना अहरौरा, जनपद मिर्जापुर जंगल की ओर भाग निकला, जिसे पुलिस ने कॉम्बिंग के दौरान गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने मौके से एक तमंचा, दो कारतूस तथा एक बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की है। दोनों आरोपितों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है।
