दिन में ब्लॉक मुख्यालय से बाइक चोरी,रात में घर का ताला तोड़ लाखों के आभूषण पर हाथ साफ; लगातार वारदातों से दहशत

 





शहाबगंज (चंदौली)।थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं।शुक्रवार को जहां दिनदहाड़े विकास खंड मुख्यालय परिसर से एक बाइक चोरी हो गई,वहीं देर रात चोरों ने कटवां माफ़ी गांव में एक घर को निशाना बनाते हुए नकदी और सोने-चांदी के आभूषण पर हाथ साफ कर दिया।एक ही दिन में हुई दो चोरी की घटनाओं से क्षेत्र के लोगों में दहशत और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीण पुलिस की रात्रि गश्त पर सवाल उठा रहे हैं और जल्द से जल्द घटनाओं के खुलासे की मांग कर रहे हैं।जानकारी के अनुसार कटवां माफ़ी गांव निवासी रामप्यारे के घर में शुक्रवार की देर रात अज्ञात चोर पीछे के रास्ते से घुस गए।उस समय परिवार के सदस्य घर के दूसरे हिस्से में सो रहे थे।चोरों ने कमरे में रखी अलमारी और बक्सों का ताला तोड़कर उसमें रखे दस हजार नकद के साथ लाखों रुपए के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद चोर मौके से फरार हो गए।शनिवार सुबह जब परिवार के लोग जागे तो कमरे का सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी खुली मिली।सामान की जांच करने पर नकदी व आभूषण गायब मिले, जिसके बाद परिवार में हड़कंप मच गया।घटना की सूचना तत्काल शहाबगंज पुलिस को दी गई।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।पीड़ित ने अज्ञात चोरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए तहरीर दे दी है।

गौरतलब है कि इससे पहले शुक्रवार को ही शहाबगंज विकास खंड मुख्यालय परिसर से दिनदहाड़े एक बाइक चोरी हो गई थी।लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से लोगों में भय का माहौल



है।ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस की रात्रि गश्त प्रभावी नहीं होने से चोर बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।लोगों ने क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने, चोरी की घटनाओं का शीघ्र खुलासा करने तथा आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।वहीं प्रभारी निरीक्षक  कृपेंद्र प्रताप सिंह का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

Previous Post Next Post