चकिया, चंदौली-कागजों में वृक्षारोपण के दावे दर्ज हैं, लेकिन चकिया वन क्षेत्र की बैरा वन भूमि पर तस्वीर कुछ और ही नजर आती है। यहां कई पौधे ईंटों के घेरे के भीतर ही सूख चुके हैं। कहीं सुरक्षा के लिए बनाए गए घेरे खड़े हैं तो कहीं ढह चुके हैं, लेकिन जिन पौधों को बचाने के लिए ये बनाए गए थे, उनमें से कई अब सूखी टहनियों में बदल चुके हैं।
जमीनी पड़ताल में कई ऐसे पौधे मिले, जिनके चारों ओर ईंटों का घेरा जस का तस है, जबकि भीतर हरियाली का नामोनिशान नहीं है। यह स्थिति तब है, जब वृक्षारोपण के साथ नियमित संरक्षण, सिंचाई और निगरानी के दावे भी किए जाते हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि पौधारोपण के समय अभियान पूरे जोर-शोर से चलता है, लेकिन इसके बाद न सिंचाई की व्यवस्था दिखती है और न ही पौधों की देखभाल। नतीजा यह हुआ कि कई पौधे शुरुआती दिनों में ही सूख गए।
बैरा वन भूमि के सूखे पौधे रोपण के बाद की व्यवस्था की हकीकत बयां कर रहे हैं। यदि समय-समय पर निगरानी और देखभाल होती, तो ईंटों के इन घेरों में आज सूखी टहनियां नहीं, बल्कि हरे-भरे पौधे दिखाई देते।

