ब्लॉक मुख्यालय से दिनदहाड़े उड़ी बाइक,प्रमुख कक्ष के सामने से चोरी से मचा हड़कंप


शहाबगंज (चंदौली)। विकास खंड मुख्यालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर शुक्रवार को उस समय सवाल खड़े हो गए,जब प्रमुख कक्ष के सामने खड़ी एक बाइक दिनदहाड़े चोरी हो गई। घटना से ब्लॉक परिसर में हड़कंप मच गया।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार विकास क्षेत्र के सलया गांव निवासी लक्ष्मण कुमार किसी आवश्यक कार्य से विकास खंड कार्यालय पहुंचे थे। उन्होंने अपनी बाइक UP 67 Y 3770 पैशन प्रो प्रमुख कक्ष के सामने खड़ी कर ग्राम विकास अधिकारी से मिलने चले गए।कुछ देर बाद जब वह वापस लौटे तो बाइक वहां से गायब थी।

पीड़ित ने पहले अपने स्तर पर ब्लॉक परिसर और आसपास काफी देर तक बाइक की तलाश की,लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।इसके बाद उन्होंने शहाबगंज पुलिस को लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।घटना के जल्द खुलासे का भरोसा भी दिया गया है।

दिनदहाड़े सरकारी कार्यालय परिसर से बाइक चोरी की इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर प्रश्नचिह्न लगा दिया है।कर्मचारियों और क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि यदि ब्लॉक मुख्यालय जैसे स्थान पर भी वाहन सुरक्षित नहीं हैं,तो आम लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ना स्वाभाविक है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

Previous Post Next Post