चकिया,चंदौली-स्थानीय क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में पशु तस्करी को लेकर वर्षों से बनी चिंता अब पहले जैसी नहीं दिख रही है। कभी रात ढलते ही खेतों की मेड़ों, गांवों की पगडंडियों और संपर्क मार्गों पर पशु तस्करों की आवाजाही की शिकायतें आम थीं। इससे किसानों की फसलें नुकसान झेलती थीं और ग्रामीणों को रातभर पहरा देने के लिए मजबूर होना पड़ता था। लेकिन यह परिदृश्य तेजी से बदलता दिखाई दे रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि अब रात के समय गांवों के भीतर से पशु तस्करी की गतिविधियां लगभग समाप्त-सी हो गई हैं। खेतों को रौंदते हुए झुंडों के गुजरने और शोर-शराबे जैसी घटनाएं पहले की तुलना में बहुत कम सुनाई देती हैं। इससे गांवों में सुरक्षा का एहसास बढ़ा है और किसानों की चिंता भी घटी है।
इस बदलाव के पीछे कई कारण माने जा रहे हैं। पुलिस और प्रशासन द्वारा लगातार गश्त, सीमावर्ती क्षेत्रों पर निगरानी, संदिग्ध गतिविधियों पर त्वरित कार्रवाई तथा पशु तस्करी से जुड़े मामलों में की गई प्रभावी धरपकड़ ने कानून का स्पष्ट संदेश दिया है। लगातार की गई कार्रवाई ने जोखिम बढ़ाया है, जिसका असर स्थानीय स्तर पर साफ महसूस किया जा रहा है।
हालांकि यह भी संभव है कि तस्करों ने अपने पारंपरिक रास्तों और तौर-तरीकों में बदलाव किया हो। इसलिए केवल घटनाओं में कमी को समस्या के पूर्ण समाधान के रूप में नहीं देखा जा सकता। इसके बावजूद स्थानीय क्षेत्र में रात के समय पशु तस्करी की दृश्य गतिविधियों में आई गिरावट इस बात का संकेत अवश्य देती है कि कानून-व्यवस्था की सक्रियता का सकारात्मक प्रभाव जमीन पर दिखाई दे रहा है।
स्थानी लोगों का कहना है कि कानून का प्रभाव तभी स्थायी माना जाएगा, जब तस्करी की गतिविधियां केवल स्थान बदलने तक सीमित न रहें, बल्कि उन पर प्रभावी अंकुश भी लगातार कायम रहे।
