चकिया, चंदौली। विकासखंड मुख्यालय परिसर गुरुवार को सामूहिक विवाह समारोह के रंग में रंगा नजर आया। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 27 जोड़ों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच अग्नि को साक्षी मानकर सात फेरे लिए और वैवाहिक जीवन की नई शुरुआत की। पूरे परिसर में शहनाइयों की गूंज, मंगल गीतों और परिजनों की शुभकामनाओं के बीच उत्सव जैसा माहौल बना रहा।
निर्धारित मुहूर्त पर पुरोहित ने विधि-विधान के साथ विवाह संस्कार संपन्न कराया। वर-वधुओं ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाई और वैदिक परंपरा के अनुरूप सात फेरे लेकर दांपत्य जीवन की शुरुआत की। नवदंपतियों के चेहरे पर नई जिंदगी की खुशी साफ झलक रही थी, वहीं परिजनों ने उन्हें आशीर्वाद देकर सुखद भविष्य की कामना की।
समारोह के मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक कैलाश खरवार ने नवविवाहित जोड़ों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सामूहिक विवाह योजना जरूरतमंद परिवारों के लिए सम्मानजनक और सामाजिक सहयोग का प्रभावी माध्यम बन रही है। ब्लॉक प्रमुख शंभूनाथ यादव ने भी नवदंपतियों को सफल दांपत्य जीवन का आशीर्वाद दिया।
इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी अनिल राय, सहायक खंड विकास अधिकारी (पंचायत) नारायण दत्त तिवारी सहित विकासखंड के अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में परिजन मौजूद रहे। समारोह के दौरान सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित रहीं और पूरे आयोजन में उत्साह एवं उल्लास का वातावरण बना रहा।
