छह सूत्रीय मांगों को लेकर किसान सभा का शहाबगंज ब्लॉक परिसर में धरना,मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन



*स्मार्ट मीटर योजना वापस लेने,मुफ्त बिजली,30 बेड अस्पताल और महिला महाविद्यालय की स्थापना समेत कई मांगें उठाईं*

शहाबगंज।अखिल भारतीय किसान सभा (एआईकेएस) के बैनर तले सोमवार को शहाबगंज विकास खंड कार्यालय परिसर में किसानों और ग्रामीणों की विभिन्न समस्याओं को लेकर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया।प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री को संबोधित छह सूत्रीय मांगों का ज्ञापन खंड विकास अधिकारी दिनेश सिंह को सौंपते हुए शीघ्र कार्रवाई की मांग की।धरने को संबोधित करते हुए किसान सभा के पदाधिकारियों ने कहा कि बढ़ती महंगाई, कृषि लागत में लगातार वृद्धि और बुनियादी सुविधाओं की कमी से किसान व ग्रामीण जनता गंभीर समस्याओं का सामना कर रही है।उन्होंने सरकार से जनहित से जुड़े मुद्दों पर तत्काल सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की।ज्ञापन में प्रदेश में लागू स्मार्ट मीटर योजना को वापस लेकर पूर्व की भांति सामान्य बिजली मीटर लगाए जाने की मांग की गई।साथ ही किसानों को खेती की लागत कम करने के उद्देश्य से 200 से 300 यूनिट तक निशुल्क बिजली उपलब्ध कराने की मांग उठाई गई।किसान सभा ने सहकारी समितियों पर पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने,किसानों को समय पर गुणवत्तापूर्ण बीज एवं कृषि सामग्री उपलब्ध कराने तथा सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत राशन कार्ड धारकों को बेहतर गुणवत्ता का खाद्यान्न उपलब्ध कराने की भी मांग की।इसके अलावा वृद्धावस्था,विधवा एवं दिव्यांग सहित सभी प्रकार की सामाजिक पेंशन बढ़ाकर 5000 रुपये प्रतिमाह किए जाने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई।स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र की समस्याओं को उठाते हुए संगठन ने शहाबगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को 30 बेड के अस्पताल में विकसित करने,विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति तथा पर्याप्त दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की।वहीं क्षेत्र की छात्राओं की उच्च शिक्षा को ध्यान में रखते हुए शहाबगंज में महिला महाविद्यालय की स्थापना की आवश्यकता भी बताई गई।मनरेगा श्रमिकों के हितों को लेकर किसान सभा ने योजना के अंतर्गत रोजगार की अवधि 100 दिनों से बढ़ाकर 200 दिन किए जाने तथा मजदूरी में वृद्धि की मांग भी सरकार के समक्ष रखी।किसान सभा के नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो संगठन चरणबद्ध तरीके से व्यापक आंदोलन शुरू करने को बाध्य होगा,जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।धरना-प्रदर्शन की अध्यक्षता स्वामीनाथ ने तथा संचालन नंदलाल ने किया।इस अवसर पर लालचंद सिंह,शंभूनाथ सिंह,परमानंद मौर्य, भृगुनाथ,लालमनी आदि किसान सभा के कार्यकर्ता एवं ग्रामीण उपस्थित थे।

Previous Post Next Post