कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी 10 अक्टूबर को वाराणसी में जगतपुर स्थित इंटर कॉलेज में प्रतिज्ञा रैली को संबोधित करेंगी. सियासी गलियारों में पूर्वांचल का केंद्र माने जाने वाले बनारस में प्रियंका धार्मिक और सियासी दौरा दोनों एक साथ कर रही हैं. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अजय राय ने बताया कि 10 अक्टूबर को प्रियंका सबसे पहले बाबा विश्वनाथ और दुर्गाकुंड स्थित कुष्मांडा देवी के दर्शन करेंगी. इसके बाद वो रैली में जनता को संबोधित करेंगी.
रैली को लेकर कांग्रेस के नेता खासा इंतजाम कर रहे हैं. राय का कहना है कि ये महारैली आयोजित है. इस रैली में प्रियंका गांधी जनता को 7 वचन देंगी और सरकार बनने के बाद सबसे पहले उन वचनों को निभाएंगी. ये 7 वचन क्या है इसका खुलासा प्रियंका रैली में ही करेंगी, लेकिन इन वचनों को देते वक्त प्रियंका बाकायदा हाथ उठा कर प्रतिज्ञा करेंगी. बता दें कि लखीमपुर में सियासी बढ़त लेने के बाद प्रियंका का दौरा सीधे वाराणसी में होना है.