अलीनगर थाना क्षेत्र के काशीपुरा गांव में मंगलवार की रात घर के बाहर मचान पर सो रहे गुड्डू चौहान की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बुधवार की सुबह लोगों को इसकी जानकारी हुई तो घटना के बाद कोहराम मच गया। ग्रामीणों के अनुसार मंगलवार की रात गोली चलने की आवाज सुनाई दी, लेकिन तेज बारिश की वजह से लोगों ने ध्यान नहीं दिया था।
वहीं गोली मारकर हत्या करने की वारदात की जानकारी मिलने के बाद एएसपी दयाराम समेत मुगलसराय कोतवाल एनएन सिंह और अलीनगर एसओ संतोष सिंह मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने सुबह ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं घटना की छानबीन के लिए पुलिस परिजनों और संदिग्ध लोगों से पूछताछ में जुटी हुई है। जबकि गांव की सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस और पीएसी के जवानों को भी तैनात कर दिया गया है।
परिजनों से पूछताछ के दौरान पुलिस को कुछ सुराग मिला है, इसके बाद संदिग्ध लोगों से पूछताछ कर मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार रात में बारिश की वजह से लोगों को वारदात की जानकारी नहीं हो सकी। सुबह परिजन बाहर सो रहे गुड्डू को देखने पहुंचे तो वह खून से लथपथ पड़े थे। आनन फानन वारदात के बारे में पुलिस को सूचना दी गई तो मौके पर पहुंची पुलिस जांच पड़ताल में जुट गई।
