शहाबगंज (चंदौली)। विकास खंड शहाबगंज में नवागत खंड विकास अधिकारी शैलेंद्र सिंह के कार्यभार संभालने के बाद ग्राम प्रधान संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने उनसे शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने गीता भेंटकर उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया।ग्राम प्रधान संगठन के जिलाध्यक्ष पवन प्रताप सिंह और ब्लॉक अध्यक्ष राधाकृष्ण मालवीय के नेतृत्व में पहुंचे प्रधानों ने क्षेत्र की विभिन्न ग्राम पंचायतों में संचालित विकास कार्यों की जानकारी दी। साथ ही गांवों में सड़क, नाली, पेयजल और साफ-सफाई जैसी बुनियादी समस्याओं को भी बीडीओ के समक्ष रखा।मुलाकात के दौरान खंड विकास अधिकारी शैलेंद्र सिंह ने मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने में ग्राम प्रधानों से सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि गांव के प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज होना चाहिए। इसके लिए प्रधान अपने-अपने गांवों में लोगों को जागरूक करें और निर्धारित आयु पूरी कर चुके युवाओं का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए पहल करें। साथ ही छूटे हुए पात्र मतदाताओं के नाम भी सूची में जुड़वाने में सहयोग करें।बीडीओ ने कहा कि मतदाता सूची का शुद्धिकरण लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने की महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। इसमें ग्राम प्रधानों का सहयोग मिलने से अभियान को गांव-गांव तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सकता है।
वहीं प्रधान संगठन के पदाधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि गांवों के विकास और प्रशासनिक योजनाओं के क्रियान्वयन में वे पूरा सहयोग करेंगे। इस मौके पर नीरज सिंह, नित्यानंद खरवार, सिरताज अंसारी सहित ग्राम प्रधान संगठन के पदाधिकारी और विभिन्न ग्राम पंचायतों सदस्य मौजूद रहे।
