संविधान ने समान अधिकार देकर लोकतंत्र को किया मजबूत महेन्द्र राव

 


शहाबगंज,चंदौली।क्षेत्र के सेमरा गांव स्थित बगीचे में बुधवार को संवैधानिक मौलिक अधिकार विषय पर गोष्ठी का आयोजन किया गया।गोष्ठी में भारतीय संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ भीमराव अम्बेडकर के योगदान तथा संविधान में प्रदत्त मौलिक अधिकारों पर वक्ताओं ने विस्तार से विचार व्यक्त किए।वक्ताओं ने कहा कि संविधान देश के प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता,न्याय और सम्मान के साथ जीवन जीने का अधिकार देता है।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि समाजवादी पार्टी के नेता व पूर्व जिला पंचायत सदस्य महेन्द्र राव ने कहा कि भारतीय संविधान ने समाज के हर वर्ग को समान अधिकार देकर लोकतंत्र को मजबूत आधार प्रदान किया है।आजादी से पहले समाज के पिछड़े,दलित और वंचित वर्गों को शिक्षा सहित अनेक बुनियादी अधिकारों से वंचित रखा जाता था।महिलाओं को भी समान अधिकार और अवसर प्राप्त नहीं थे।

उन्होंने कहा कि संविधान निर्माण की जिम्मेदारी मिलने के बाद बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर ने संविधान के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई,जिसमें जाति, धर्म,लिंग और आर्थिक स्थिति के आधार पर भेदभाव के बजाय सभी नागरिकों को समान अधिकार और अवसर देने की व्यवस्था की।उन्होंने कहा कि बाबा साहब अम्बेडकर ने संविधान में प्रत्येक व्यक्ति को अपनी बात रखने,शिक्षा प्राप्त करने,स्वतंत्र जीवन जीने और लोकतांत्रिक व्यवस्था में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का अधिकार दिया।मतदान का अधिकार लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकतों में से एक है।प्रत्येक नागरिक अपने मत के माध्यम से अपनी पसंद का प्रतिनिधि चुन सकता है।इसलिए लोगों को अपने संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक होने के साथ-साथ अपने संवैधानिक कर्तव्यों का भी ईमानदारी से पालन करना चाहिए।गोष्ठी में बाबा साहब डॉ भीम राव अम्बेडकर वाहिनी के जिलाध्यक्ष सुमित कुमार ने कहा कि संविधान महज एक कानूनी दस्तावेज नहीं,बल्कि सामाजिक समानता,न्याय, स्वतंत्रता और भाईचारे की आधारशिला है।समाज से भेदभाव को समाप्त करने और शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए बाबा साहब डॉ भीम राव अम्बेडकर के विचारों को आत्मसात करना जरूरी है।इस दौरान मुख्य रूप से निरंजन,संतोष प्रधान,अजय कुमार,अरुण कुमार,घनश्याम,लल्लन बागी,परदेशी राम,संदीप कुमार,मदन,शोभनाथ, रामकरण,रामप्रसाद,विनोद,गुप्तेश्वर बिंद आदि उपस्थित थे।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कृष्ण कुमार संत ने तथा संचालन सुमित कुमार ने किया।

Previous Post Next Post