चंदौली। बंगाल की खाड़ी में विकसित हो रहे चक्रवाती मौसम तंत्र के संभावित प्रभाव को देखते हुए चंदौली जिला प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है। जनपद में किसी भी आपात स्थिति से निपटने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कलेक्ट्रेट स्थित आपदा कंट्रोल रूम को 24 घंटे सातों दिन सक्रिय कर दिया गया है। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने संबंधित विभागों को सतर्क रहने और राहत-बचाव कार्यों के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी रखने के निर्देश दिए हैं।
जिला आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से जारी व्यवस्था के तहत कंट्रोल रूम में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की पालीवार ड्यूटी लगाई गई है, ताकि मौसम संबंधी किसी भी आपात स्थिति, जलभराव, तेज हवाओं या अन्य आपदा की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।
आपात स्थिति में इन नंबरों पर करें संपर्क
जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने जनपदवासियों से अपील की है कि चक्रवाती मौसम के दौरान किसी भी प्रकार की दुर्घटना, जलभराव अथवा राहत एवं बचाव से संबंधित सहायता की आवश्यकता होने पर तत्काल आपदा कंट्रोल रूम के नंबर 1077 एवं 262100 पर संपर्क करें। प्रशासन के अनुसार, प्राप्त सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
सभी विभागों को अलर्ट रहने के निर्देश
डीएम ने सिंचाई, विद्युत, स्वास्थ्य, पुलिस और स्थानीय निकायों सहित संबंधित विभागों के अधिकारियों को अपने-अपने मुख्यालयों पर सतर्क रहने तथा राहत सामग्री एवं आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन की ओर से मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी संभावित आपदा से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।
जिलाधिकारी ने नागरिकों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर निकलने से बचें, सावधानी बरतें और सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली अपुष्ट खबरों एवं अफवाहों पर ध्यान न दें। जिला प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि आमजन की सुरक्षा और आपात परिस्थितियों में त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं।
