चकिया, चंदौली ( Shreya news network ) स्थानीय नगर पंचायत के वार्ड संख्या 5 और वार्ड संख्या 7 में बीते 36 घंटे से पेयजल आपूर्ति पूरी तरह ठप है। मंगलवार को जलापूर्ति करने वाली मोटर खराब होने के बाद नलों से पानी आना बंद हो गया, लेकिन डेढ़ दिन बीत जाने के बावजूद व्यवस्था बहाल नहीं हो सकी। इसका खामियाजा हजारों लोगों को भुगतना पड़ रहा है।
सुबह उठते ही लोगों को सबसे पहले पानी की चिंता सताने लगी। घरों की रसोई से लेकर स्नानघर तक संकट गहरा गया। पीने के पानी के लिए लोग हैंडपंपों और निजी बोरिंगों का सहारा लेने को मजबूर हैं। महिलाओं को बाल्टियां और डिब्बे लेकर दूर-दूर तक पानी ढोना पड़ रहा है, जबकि बुजुर्ग और बच्चे सबसे अधिक परेशानी झेल रहे हैं। कई घरों में समय पर भोजन तक नहीं बन सका और दैनिक कामकाज प्रभावित रहा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसा पहली बार नहीं हुआ है, इसके पहले भी इस प्रकार की समस्या से नगर वासियों को जूझना पड़ा है।नगर पंचायत के पास वैकल्पिक व्यवस्था का अभाव साफ दिखाई दे रहा है। यदि एक मोटर खराब होने से दो वार्डों की पूरी जलापूर्ति ठप हो जाती है, तो यह आपदा प्रबंधन और रखरखाव व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न है। लोगों का आरोप है कि शिकायतों के बावजूद समस्या के समाधान में अपेक्षित तत्परता नहीं दिखाई गई।
लोगों की मांग है कि खराब मोटर को तत्काल बदलकर या मरम्मत कर नियमित जलापूर्ति शुरू की जाए, ताकि पेयजल संकट से राहत मिल सके।
